मुख्य समाचार

पवन वर्मा को जहां अच्छा लगे, वहां जाएं

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पवन वर्मा का बयान पार्टी का वक्तव्य नहीं है। वे विद्वान व्यक्ति हैं। मैं उनकी इज्जत करता हूं। भले ही वे हमलोगों की इज्जत न करें। यह उनका अपना निर्णय है। जहां जाना हो, वहां वे जाएं। हमें इस पर कोई ऐतराज नहीं है। मुख्यमंत्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जयंती समारोह के बाद पवन वर्मा से संबंधित पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

दो दिन पहले जदयू के राष्ट्रीय महासचिव पवन वर्मा ने दिल्ली विधान सभा चुनाव में भाजपा से जदयू के गठबंधन होने पर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा से हमारा गठबंधन सिर्फ बिहार तक था। इस संबंध में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को भी पवन वर्मा ने पत्र लिखा था।   

सीएम ने पत्रकारों से कहा कि जनता दल यूनाईटेड (जदयू) को अच्छी तरह समझने की कोशिश कीजिए। कुछ लोगों के बयान से जदयू को मत देखिए। जदयू जनता के साथ काम करती है। हमलोगों का स्टैंड साफ होता है। किसी तरह का कन्फ्यूजन नहीं है। अगर किसी के मन में कोई बात है, तो विमर्श करना चाहिए। जरूरी समझें, तो पार्टी की बैठक में बातचीत करनी चाहिए। इस तरह का वक्तव्य देने का कोई मतलब नहीं है। 
 


संबंधित खबरें