मुख्य समाचार

इस धरती पर किसी में दम नहीं, जो देश के टुकड़े कर सके  

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि हर व्यक्ति को देश का संविधान समझना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को देश का कानून मानना होगा। कोई देशद्रोह करेगा, यह संभव नहीं है। इस धरती पर किसी में दम नहीं है कि भारत के टुकड़े कर सके। सीएम ने ये बातें पत्रकारों के शरजील इमाम से संबंधित सवाल के जवाब में कहीं। एक अणे मार्ग में जदयू की बैठक के बाद वे पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। 

बिहार पुलिस के सहयोग से शरजील इमाम को दिल्ली पुलिस ने जहानाबाद के काको से गिरफ्तार किया है। शरजील का पैतृक घर काको है। उस पर देश विरोधी भाषण देने का आरोप है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएए अब कानून का रूप ले चुका है। यदि कुछ विवाद है, तो यह विषय सर्वोच्च न्यायालय के अधीन है। 

सीएम ने कहा कि आज की बैठक जदयू पार्टी के बूथ स्तर की ट्रेनिंग को लेकर हुई है। विधानसभा के स्तर पर ट्रेनर का कैंप होगा। उसके लिए तिथि निर्धारित की जायेगी। गांधी मैदान में एक मार्च, 2020 को कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इससे पहले एक मार्च 2015 को कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ था। प्रखंड और जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गयी है कि किये जा रहे कार्यों का फीडबैक लेकर आयें। अगर कोई समस्या है, तो बतायें।

एनआरसी पर सीएम ने कहा कि बिहार में इसका सवाल ही नहीं है। प्रधानमंत्री का भी बयान आया है कि इस तरह की कोई बात नहीं है। एनपीआर वर्ष 2011 से चल रहा है। उसी का रिव्यू हुआ है। इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि एनपीआर में जो कुछ नया जोड़ा गया है। उससे कुछ भ्रम पैदा हुआ है। जैसे माता-पिता के जन्म संबंधित सवाल। 


संबंधित खबरें