पटना। बिहार में आधुनिक इंडोर प्रैक्टिस सेंटर का निर्माण बीसीसीआई करायेगा। निर्णय बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की बिहार, मणिपुर ओर मिजोरम क्रिकेट एसोसिएशन के साथ हुई बैठक में लिया गया। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार ने बताया कि बैठक चार फरवरी को हुई थी। राज्यों में क्रिकेट संसाधन के विकास का निर्णय लिया गया। बिहार में क्रिकेट के उपलब्ध संसाधन मोइनुल हक ओर ऊर्जा स्टेडियम पर भी चर्चा हुई।
बीसीसीआई अध्यक्ष ने संसाधन की कमी को समझते हुए बिहार में एक अत्याधुनिक इंडोर प्रैक्टिस सेंटर शीघ्र स्थापित करने का निर्णय लिया। सेंटर में आठ टर्फ विकेट, एक एस्ट्रो टर्फ विकेट और एक जिम की सुविधा रहेगी। इसके लिए एक एकड़ जमीन की जरूरत होगी। राज्यों के विकास के लिए बनी टास्क फोर्स कमेटी के सदस्य नाबा भट्टाचार्या, मणिपुर के प्रिय रंजन सिंह, मिजोरम के एमकेजे मजूमदार भी उपस्थित थे।