मुख्य समाचार

व्यावसायिक पौधे लगाने के लिए किसानों को करें प्रेरित   

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि फलदार पौधे किसान स्वतः लगाते हैं, लेकिन व्यावसायिक उपयोग वाले पौधे लगाने के लिये किसानों को प्रेरित करना होगा। इससे उन्हें लाभ मिलेगा। इसी तरह चौर क्षेत्र में मछली और मखाना उत्पादन के लिये भी किसानों को बढ़ावा दें। मुख्यमंत्री बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 की मध्यावधि समीक्षा के बाद अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि राज्य में कारोबार बढ़ा है, लेकिन उद्योगों को भी बढ़ावा देना होगा। वर्ष 2012 में हरियाली मिशन के दौरान 19 करोड़ पौधे लगाये गये। उस समय लगे पाॅपुलर पौधे अब वृक्ष रूप में तैयार हो गये हैं। इसका उपयोग कागज निर्माण में किया जा सकता है। इसके लिए सीएम ने उत्तराखंड के पाॅपुलर प्रोसेसिंग प्लांटों का जायजा लेने का निर्देश दिया। प्रोसेसिंग के माध्यम से किसानों आमदनी बढ़ायी जा सकती है। 

सब्जी, फल (केला, लीची, आम), चाय, पान एवं शहद के संबंध में किसानों के साथ हुई बैठक में औद्योगिकरण के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव आये थे। फूड एवं एग्रो प्रोसेसिंग और वूड बेस्ड इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिये शीघ्र काम शुरू कना होगा। 

बैठक में उद्योग मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, प्रधान सचिव एस. सिद्धार्थ, प्रत्यय अमृत, चंचल कुमार एवं दीपक कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल, सचिव मनीष कुमार वर्मा, एन. सरवण कुमार, डाॅ प्रतिमा एस. वर्मा, अनुपम कुमार एवं सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।


संबंधित खबरें