मुख्य समाचार

हरिवंश, रामनाथ ठाकुर जदयू व विवेक ठाकुर भाजपा से जायेंगे राज्यसभा 

पटना। राज्यसभा के लिए हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर जदयू जबकि विवेक ठाकुर भाजपा से उम्मीदवार बनाये गये हैं। नाॅमिनेशन की अंतिम तिथि 13 मार्च और चुनाव 26 मार्च को है। 

राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर लगातार दूसरी बार जदयू से राज्यसभा जायेंगे। जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और सांसद आरसीपी सिंह ने इसकी जानकारी दी। डॉ सीपी ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर भाजपा कोटे से राज्यसभा जायेंगे। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने इसकी सहमति दी। 

26 मार्च को होने वाले चुनाव में इस बार जदयू को दो, भाजपा को एक एवं राजद को दो सीट मिलेगी। एनडीए को दो सीटों का नुकसान होगा। राज्यसभा की एक सीट के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। बिहार से राज्यसभा की पांच सीट खाली हो रही है। हरिवंश नारायण सिंह, कहकशां परवीन, रवींद्र किशोर सिन्हा, रामनाथ ठाकुर एवं डाॅ सीपी ठाकुर का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इनमें तीन सीट जदयू एवं दो भाजपा कोटे से है। 
 


संबंधित खबरें