पटना। बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) ने दवा विक्रेताओं से न्यूनतम मार्जिन पर मास्क एवं सैनिटाइजर की बिक्री करने की अपील की है। कोरोना वायरस को लेकर मास्क एवं सैनिटाइजर की मांग बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में कमी को कारण बताते हुए अनुचित लाभ लेने की प्रवृति गलत है। इसे ब्लैक मार्केटिंग कहा जायेगा।
संघ के अध्यक्ष पीके सिंह एवं महासचिव अमरिंदर सिंह ने विक्रेताओं से कहा है कि केवल उस स्टॉक को ही बेचें, जो आपको सप्लायर से उचित मूल्य पर मिलते हैं। इस गंभीर स्थिति में जनता की मदद करने के लिए न्यूनतम मार्जिन के साथ सामान का विक्रय करें। सभी विक्रेताओं को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें। जनता के संरक्षक एवं परिवार के सदस्य के रूप में कार्य करें।
केंद्र एवं राज्य सरकार कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। मास्क और सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु अधिनियम में शामिल किया गया है। इस अधिनियम में सख्त प्रावधान हैं। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) एवं बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) आपदा की इस घड़ी में सरकार के साथ है।