मुख्य समाचार

कोरोना से डरे नहीं, सजग रहें : सीएम                   

पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक रहने की जरूरत है। जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सचेत किया जा रहा है। बिहार में अब तक कोरोना वायरस के एक भी मरीज की पहचान नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश एवं नेपाल में इस रोग के मरीज मिले हैं। बिहार से सीमा लगी होने के कारण सभी को सजग रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री विधानमंडल परिसर में पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। 

उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक के बाद विधान मंडल की कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। ऐसी स्थिति में एक जगह अधिक लोगों का रहना ठीक नहीं है। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज का पूरा खर्च मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से वहन किया जायेगा। यदि इस रोग से किसी की मृत्यु हो जाती है, तो निकटतम आश्रित को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये की मदद दी जायेगी। सभी जिला अस्पताल एवं मेडिकल काॅलेज-हाॅस्पिटल में आइसोलेशन वार्ड के प्रबंध किये गये हैं। पटना के पाटलिपुत्र होटल में भी आइसोलेशन वार्ड का प्रबंध किया जा रहा है। 

मास्क के प्रयोग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों की राय है कि स्वस्थ व्यक्ति को मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। मास्क संक्रमित या संक्रमित व्यक्तियों के उपचार में लगे लोगों के लिए अनिवार्य है। सामान्यतः एक मास्क का प्रयोग छह से आठ घंटे घंटे के लिए किया जाता है और इस्तेमाल के बाद मास्क को जला देना चाहिए। 

लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि एक-दूसरे से दूरी बनाकर रहें। सार्वजनिक स्थलों पर या सामूहिक रूप से होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने से बचें। इससे संक्रमण होने की संभावना कम होगी। गया और बोधगया में दूसरे देशों से लोग आते हैं। उनका मेडिकल चेकअप जरूरी है। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर भी लोग सजग हैं। जो लोग बाहर से आ रहे हैं। उन्हें मेडिकल चेकअप कराने में किसी प्रकार का संकोच नहीं करना चाहिए।
 


संबंधित खबरें