पटना। बिहार से राज्यसभा के सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये। विधानसभा सचिव सह निर्वाची पदाधिकारी बटेश्वर नाथ पांडेय ने सभी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिया। निर्वाचित सदस्यों में राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह, विवेक ठाकुर, रामनाथ ठाकुर, प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह हैं।
बिहार से राज्यसभा की पांच सीट के लिए चुनाव 26 मार्च को होना था, लेकिन इतनी ही संख्या में नाॅमिनेशन होने के कारण चुनाव की नौबत नहीं आयी। उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर लगातार दूसरी बार एवं प्रेमचंद गुप्ता पांचवीं बार राज्यसभा जायेंगे। विवेक ठाकुर और अमरेंद्र धारी सिंह पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं। छह वर्षों के लिए सभी सदस्यों का कार्यकाल 10 अप्रैल, 2020 से शुरू होगा।