पटना। महावीर मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि कोरोना वायरस की व्यापकता को देखते हुए मंदिर कम से कम संख्या में आएं। श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव किशोर कुणाल ने अपील की है कि जबतक कोरोना वायरस का प्रकोप है, तब तक श्रद्धालु जियो मोबाइल से हनुमानजी का लाइव दर्शन कर सकते हैं।
महावीर मंदिर देश का सातवां मंदिर है, जो जियो मोबाइल के लाइव दर्शन पर है। जिनके पास जियो मोबाइल नहीं है, वे अपने मोबाइल पर एप्प के जरिये भी दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि तिरुपति एवं जगन्नाथ मंदिर एक तीर्थस्थल है, लेकिन महावीर मंदिर में विशेष दिन में दर्शन महत्वपूर्ण है। अतः हम पूर्ण रूप से मंदिर को बंद करने की स्थिति में नहीं हैं। इसलिए भक्तों से आग्रह किया गया है हि कम से कम संख्या में किसी विशेष धार्मिक बाध्यता के कारण ही मंदिर में दर्शन के लिए आएं।
नैवेदयम् लड्डू का भोग पाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। पटनावासी mahavirnaivedyam@gmail.com पर ईमेल कर अथवा व्हाटसएप नंबर 9334468400 पर अपना पता भेजकर google pay के माध्यम से 9334467800, नैवेदयम् डिवीजन पर राशि का भुगतान करेंगे।
मंदिर में भोग लगाकर उनके घर पर पहुुचाने की व्यवस्था मंदिर की ओर से की जायेगी। कम से कम 500 ग्राम नैवेद्यम् की बुकिंग होगी। बच्चों से जुड़े कर्मकांड के लिए मंदिर की ओर से पुरोहित की व्यवस्था की जा रही है। वे घर जाकर पूजा संपन्न करा देंगे।