कोलकाता। आईटीसी लिमिटेड ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिये 150 करोड़ रुपये का एक विशेष कोष बनाया है। इस कोष से समाज के गरीब तबके की मदद की जायेगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी।
कंपनी ने कहा कि गरीब तबका इस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित है। उसके समक्ष रोजगार का संकट है। देश में लॉकडाउन के दौरान दवा, खाद्यान्न और अन्य अनिवार्य वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले लोगों की सुरक्षा और बेहतरी के लिए भी कोष का इस्तेमाल किया जायेगा। उन्हें सुरक्षा सूट और स्वच्छता से जुड़े उत्पाद उपलब्ध कराये जायेंगे। अनिवार्य वस्तुओं की आपूर्ति बरकरार रखने के लिए कंपनी स्थानीय प्रशासन के साथ काम कर रही है।