मुख्य समाचार

बकाया टैक्स के लिए बड़े करदाताओं के संपर्क में रहें अधिकारी 

नई दिल्ली/एजेंसी। आयकर विभाग ने अपने अधिकारियों से कहा है कि वह बड़े करदाताओं के साथ संपर्क में रहें। उन्हें बकाया कर वसूली के लिये फोन या ईमेल करते रहें। हालांकि, सरकार ने कोरोना वायरस को देखते हुये कर भुगतान और रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा तीन माह बढ़ा दी है। 

आयकर आयुक्त (समन्वय एवं व्यवस्था) राकेश गुप्ता ने पिछले सप्ताह ही फील्ड में काम करने वाले अपने अधिकारियों से बड़े करदाताओं से बकाया कर की वसूली को लेकर किये गये प्रयास के बारे में दैनिक रिपोर्ट भेजने को कहा है।  अधिकारियों को भेजे संदेश में कहा गया है कि कोरोना वायरस के फैलने के बीच अधिकतर अधिकारी घर से ही काम कर रहे हैं, लेकिन एक दूसरे से जुड़ी मौजूदा दुनिया में काम लगातार आगे बढ़ाया जा सकता है। 

आयकर आयुक्त ने अपने संदेश में लिखा है कि हालांकि अधिकारियों को उनके कार्य के लिये आयकर व्यावसायिक एप्पलीकेशन (आईटीबीए) प्लेटफार्म उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद बड़े करदाताओं के साथ टेलीफोन से अथवा इलेक्ट्रानिक साधनों के जरिये लंबित आयकर की वसूली के लिये बात की जा सकती है। 

आयकर आयुक्त के इस निर्देश को लेकर कर अधिकारी सहज नहीं हैं। उन्होंने इसको लेकर सीबीडीटी चेयरमैन को पत्र लिखा है। आयकर राजपत्रित अधिकारी और आयकर कर्मचारी संघ की संयुक्त संस्था ने एक पत्र भेजकर इस मामले में आश्चर्य जताया है। एक तरफ जब वित्त मंत्री ने विभिन्न अनुपालनों को लेकर समयसीमा में विस्तार दिया है यहां तक कि विवाद से विश्वास की समयसीमा भी बढ़ा दी गई है तब ऐसे समय करदाताओं पर कर भुगतान के लिये जोर देने के लिये निर्देश देना आश्चर्यजनक है।
 


संबंधित खबरें