मुख्य समाचार

मछली, चिकन, अंडा एवं मटन की दुकानें लाॅकडाउन से मुक्त 

पटना। वैज्ञानिक संस्थानों की सलाह पर राज्य सरकार ने मांस, मछली, अंडा एवं चिकन की बिक्री को लाॅकडाउन से मुक्त रखा है। कृषि, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव डाॅ एन. सरवण कुमार ने बताया कि चिकन, अंडा, मटन और मछली के सेवन से कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं होता है। इससे संबंधित सभी दुकानें खुली रहेंगी। कुछ जिलों में दुकान खोलने में आ रही परेशानी को देखते हुए डीजीपी कार्यालय से भी सभी एसपी को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। 

मुर्गी, मछली, अंडा एवं मटन नहीं खाने से शरीर में प्रोटीन की कमी हो सकती है। चिकन खाने से शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि सोशल मीडिया के किसी भी न्यूज पर ध्यान नहीं दें। पशु-पक्षी चारा की दुकानों को भी खुला रखने का निर्देश है। सुधा मिल्क पार्लर रात आठ बजे तक खुले रहेंगे। 

डाॅ सरवण ने बताया कि बर्ड फ्लू एवं कोरोना समेत सभी तरह के बैक्टीरिया एवं वायरस 70 डिग्री सेल्सियस तापमान पर मर जाते हैं। भारतीय घरों में मांस एवं मछली को लगभग 100 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर पकाया जाता हैं। 

सचिव ने विश्व एवं राष्ट्रीय स्तर के चुनिंदा संस्थानों के इस संबंध में जारी सलाह की भी जानकारी दी। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने चिकन खाने की सलाह दी है। साथ ही चिकन को प्रोटीन का सबसे सुरक्षित एवं सस्ता स्रोत बताया है। 

सीएआरआई,बरेली ने बताया है कि भारतीय पाॅल्ट्री उत्पाद खाने के लिए सुरक्षित हैं। पशु स्वास्थ्य के लिए विश्व संगठन ओआइइ ने भी बताया है कि चिकन का कोरोना संक्रमण से कोई संबंध नहीं है। भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने भी कहा है कि चिकन खाने से कोरोना संक्रमण नहीं फैलता है। 
 


संबंधित खबरें