नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल (मंगलवार) की सुबह 10 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी। 21 दिवसीय लाॅकडाउन का पहला चरण 14 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री अब लाॅकडाउन के दूसरे चरण और उसके स्वरूप की घोषणा करेंगे।
प्रधानमंत्री ने 11 अप्रैल को राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ कोविड-19 से निपटने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्रियों ने सुझाव दिया था कि लॉकडाउन को दो सप्ताह बढ़ाया जाना चाहिए।
वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया था कि सरकार का पहले मंत्र था जान है तो जहान है, लेकिन अब मंत्र है जान भी जहान भी । उन्होंने विशेष बल देते हुए कहा कि वायरस पर नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों के प्रभाव का पता लगाने के लिए अगले 3-4 सप्ताह अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। केंद्र और राज्यों के संयुक्त प्रयासों से कोविड-19 के प्रभाव को कम करने में निश्चित रूप से मदद मिली है। इसलिए निरंतर सतर्कता सर्वोपरि है।