नई दिल्ली। देश के विभिन्न अनुसंधान संस्थान कोविड-19 खिलाफ मुहिम में अपने तरीके से योगदान दे रहे हैं। काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च (सीएसआईआर) की मैसूर स्थित प्रयोगशाला सेंट्रल फूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएफटीआरआई) ने कोविड-19 के मरीजों को ध्यान में रखकर उच्च प्रोटीन युक्त बिस्किट बनाया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रोटीन की प्रचुर मात्रा से युक्त ये पौष्टिक बिस्किट मरीजों को कोविड-19 से जल्दी उबरने में मदद कर सकते हैं। एम्स, नई दिल्ली में उपचार करा रहे कोविड-19 के मरीजों लिये ये बिस्किट सीएफटीआरई की ओर से भेजे गये हैं।
बिस्किट को बनाने में गेहूं का आटा, मैदा, चीनी, हाइड्रोजेनेटेड फैट, सोया आटा, व्हे प्रोटीन, सोया प्रोटीन, मिल्क सॉलिड्स, ग्लूकोज, नमक और फ्लेवर्स का उपयोग किया गया है। इस बिस्किट के 100 ग्राम के पैकेट से 400 कैलोरी ऊर्जा मिल सकती है। इसके पोषण मूल्य में कार्बोहाइड्रेट (63.2 ग्राम), प्रोटीन (14 ग्राम), वसा (17.1 ग्राम) और खनिज (1.2 ग्राम) शामिल है।