पटना। अररिया के जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार पर विभागीय जांच का आदेश कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने दिया है। जिला कृषि पदाधिकारी पर सड़क पर एक चौकीदार को उठक-बैठक कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर जिला कृषि पदाधिकारी को शोकाॅज नोटिस भेजा गया है। पूर्णिया के संयुक्त कृषि निदेशक को जांच की जिम्मेवारी दी गई है।
कृषि मंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच बिहार पुलिस के जवान सड़कों पर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में जवानों का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है। इस परिस्थिति में अररिया के जिला कृषि पदाधिकारी के संबंध में जिस तरह की खबरें आयी हैं। यदि यह सत्य है, तो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। रिपोर्ट में दोषी पाये जाने पर अधिकारी पर कार्रवाई होगी।