नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विदेश में फंसे भारतीयों को चरणबद्ध तरीके से वापस भारत लाने की अनुमति दी है। यात्रा की व्यवस्था विमान एवं नौसेना के जहाजों से की जायेगी। इस संबंध में मानक संचालन प्रोटोकॉल तैयार की गई है। विदेश और नागरिक उड्डयन मंत्रालय शीघ्र ही इसकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर देंगे।
विदेश मंत्रालय के दूतावास और उच्चायोग ऐसे भारतीय नागरिकों की सूची तैयार कर रहे हैं। इस सुविधा के लिए यात्रियों को भुगतान करना होगा। विमान सेवा के लिए गैर अनुसूचित वाणिज्यिक उड़ान की व्यवस्था होगी। यात्रा सात मई से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी।
उड़ान भरने से पहले यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जायेगी। केवल असिम्प्टोमैटिक यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति मिलेगी। यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा ।
गंतव्य पर पहुंच सभी को आरोग्य सेतु एप पर रजिस्टर करना होगा। सभी की मेडिकल जांच की जायेगी। जांच के बाद संबंधित राज्यों में उन्हें अस्पताल या संस्थागत क्वारंटाइन में 14 दिन के लिए भुगतान के आधार पर रखा जायेगा। 14 दिन के बाद दोबारा कोविड जांच होगी।