मुख्य समाचार

कर्मियों को अप्रैल का पूरा वेतन देना मुश्किल : कैट 

नई दिल्ली/एजेंसी। कोविड-19 संकट के बीच व्यापारियों ने कहा है कि उनके लिए अपने कर्मचारियों को अप्रैल माह का पूरा वेतन दे पाना काफी मुश्किल है। काॅन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने इस मामले में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से हस्तक्षेप की अपील की है। 

कैट के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा है कि सरकार की सलाह का पालन करते हुए और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए देश के व्यापारियों ने अपने कर्मचारियों को मार्च महीने का पूरा वेतन दिया है। वर्तमान परिस्थिति में व्यापारिक प्रतिष्ठान 25 मार्च से बंद हैं। व्यापारियों के पास अपनी आय का कोई स्रोत नहीं है। ऐसे में उनके लिए और वित्तीय बोझ उठा पाना संभव नहीं है। 

कैट ने कहा है कि ऐसे में व्यापारी अपने कर्मचारियों को उनकी जीविका चलाने के लिये 30 प्रतिशत वेतन दे सकते हैं। यदि 50 प्रतिशत योगदान सरकार की तरफ से हो, तोे 25 प्रतिशत योगदान व्यापारी कर सकता है। सरकार को एक ऐसा तरीका अपनाना चाहिए, जिससे सभी वर्ग संतुष्ट हों। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी कैट ने बुधवार को एक पत्र भेजकर व्यापारियों को आपसी सहमति के तहत कर्मचारियों को वेतन देने की अनुमति देने के लिए कहा है। 
 


संबंधित खबरें