मुख्य समाचार

एसएमएस सुविधा से बिहार के 70 हजार कारोबारी होंगे लाभान्वित 

पटना। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि बिहार में जीएसटी करदाताओं की संख्या 4.32 लाख है। पिछले साल 70 हजार ने शून्य रिटर्न फाइल किया था। ऐसे करदाताओं को एसएमएस से शून्य जीएसटी रिटर्न फाइल की सुविधा शुरू होने से लाभ मिलेगा। बिहार के 80 प्रतिशत करदाताओं से जीएसटी का मात्र 11 प्रतिशत और 20 फीसदी बड़े करदाताओं से 89 प्रतिशत टैक्स प्राप्त होता है। 

उन्होंने बताया कि पहले शून्य करदाताओं को भी मासिक विवरणी दाखिल करने के लिए प्रत्येक माह जीएसटीआर-3बी फाॅर्म के कई काॅलम को भरना होता था। लेकिन अब वे अपने निबंधित मोबाइल से 14409 पर एसएमएस करेंगे, तो उन्हें एक ओटीपी मिलेगा। इसे कन्फर्म करने पर उनकी विवरणी दाखिल समझी जायेगी।
 
डिप्टी सीएम ने कहा कि कंपोजिशन स्कीम में शामिल करदाताओं के अतिरिक्त हर करदाता को जीएसटीएन पोर्टल पर जीएसटीआर-3बी फाॅर्म भरना अनिवार्य है। इस आधार पर वे कर का भुगतान करते हैं। अगर वे निर्धारित तिथि तक कर का भुगतान नहीं करते हैं, तो उन्हें 50 रुपये प्रतिदिन तथा शून्य करदेयता की स्थिति में भी 20 रुपये प्रतिदिन की दर से फाइन देना होता है।

कई व्यापारियों ने निबंधन तो करा लिया, लेकिन उनकी कोई करदेयता नहीं है। फिर भी उन्हें विवरणी दाखिल करनी पड़ी है। वित्त मंत्रालय के एसएमएस के जरिये रिटर्न फाइल की सुविधा देने से शून्य करदेयता वाले कारोबारियों को राहत मिलेगी।    


संबंधित खबरें