पटना। बिहार उद्योग संघ ने वर्तमान परिस्थिति में औद्योगिक नीति में नये सिरे से संशोधन करने पर जोर दिया है। संघ ने उद्योग मंत्री एवं सचिव को आश्वासन दिया है कि एसोसिएशन संशोधन प्रक्रिया में अपना सहयोग देने के लिए तैयार है। शीघ्र ही इस संबंध में संशोधित रूपरेखा तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाये। इससे रोजगार के नये अवसर सृजित करने में भी सहायता मिलेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राम लाल खेतान ने राज्य में रोजगार के नये अवसर एवं नये उद्योगों की स्थापना की दिशा में सरकार के चिंतन एवं प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने में उद्योग प्रक्षेत्र ही सक्षम है। हाल ही में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2016 में यदि संशोधन की कोई आवश्यकता है, तो प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र आगे बढ़ाएं।