मुख्य समाचार

सुशांत सिंह नहीं रहे, पीएम व सीएम ने व्यक्त किया शोक  

पटना/नई दिल्ली। बिहार के चर्चित फिल्म अभिनेता 34 वर्षीय सुशांत सिंह राजपूत ने डिप्रेशन की वजह से मुंबई स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। उनका घर मूलतः पूर्णिया एवं ननिहाल खगड़िया जिले में है। पटना के राजीवनगर स्थित रोड नंबर छह में भी उनका मकान है। जहां उनके पिता केके सिंह परिजनों के साथ रहते हैं। उनकी मां का निधन काफी पहले हो चुका है। 

स्वभाव से सरल सुशांत ने कम समय में ही अपनी अदाकारी से लोगों के दिल में जगह बना ली। उनकी चर्चित फिल्में केदारनाथ, एमएस धोनी, पीके, छिछोरे, दिल बेचारा, कई पे चे एवं शुद्ध देशी रोमांस हैं। करियर की शुरूआत 2008 में टीवी सीरियल किस देश में है मेरा दिल से की थी। पवित्र रिश्ता में भी उनका अभिनय शानदार था।   

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत ... एक प्रतिभाशाली युवा अभिनेता ने बहुत जल्द दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने टीवी सीरियल और फिल्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनोरंजन की दुनिया में उनके अभ्युदय ने कई लोगों को प्रेरित किया। वह अपनी कई यादगार भूमिकाओं के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी गहरी संवदेनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है। ओम शांति।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके असमय निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। सुशांत बिहार के रहने वाले थे और अभिनय की बदौलत फिल्म जगत में बड़ी पहचान बनायी थी। उनका निधन ह्रदय विदारक घटना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजन एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देन की ईश्वर से प्रार्थना की है। 
 


संबंधित खबरें