मुख्य समाचार

सीमा संघर्ष में बिहार के पांच जवान शहीद 

पटना/नई दिल्ली। लद्दाख की गलवान घाटी में चीन के सैनिकों के साथ सीमा संघर्ष में देश के 20 जवान शहीद हुए हैं। शहीदों में बिहार के पांच जवान हैं। इनमें पटना के हवलदार सुनील कुमार, वैशाली के सिपाही जय किशोर सिंह, भोजपुर के सिपाही चंदन कुमार, समस्तीपुर के सिपाही अमन कुमार और सहरसा के सिपाही कुंदन कुमार हैं। 

पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर शहीद सुनील कुमार के पार्थिव शरीर पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा। शहीदों का अंतिम संस्कार राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने वीर सपूतों की शहादत को नमन करते हुए परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गलवान घाटी में हमारे जवानों की शहादत काफी परेशान करने वाला और दर्दनाक है। हमारे सैनिकों ने सीमा पर तैनाती के दौरान अपने कर्तव्य पालन में अनुकरणीय साहस और वीरता का प्रदर्शन किया। 

उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं को कायम रखते हुए देश की सीमा की सुरक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया है। राष्ट्र उनकी बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। मैं अपने शहीद जवानों के परिवारों के साथ हूं। राष्ट्र इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। 
 


संबंधित खबरें