पटना। गलवान घाटी में शहीद हुए बिहार के जवानों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि दी। सभी शहीद बिहार रेजिमेंट की 16वीं बटालियन से हैं। मुख्यमंत्री ने भारत-चीन सीमा पर हुई झड़प में बिहार के पांचों शहीद सुनील कुमार, चंदन कुमार, कुंदन कुमार, अमन कुमार एवं जय किशोर सिंह की शहादत के सम्मान में परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 11-11 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से शहीद के परिवार को 25-25 लाख रुपये दिये जायेंगे। साथ ही एक-एक आश्रित को राज्य सरकार नौकरी भी देगी। ज्ञात हो कि पटना जिला के बिहटा निवासी शहीद हवलदार सुनील कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार को ही पटना पहुंच गया था। उनका अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ गुरुवार को किया गया।
शहीदों को एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम, नेता प्रतिपक्ष, कई मंत्री, डीजीपी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रशासनिक एवं बीआरसी दानापुर के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी।