मुख्य समाचार

आरजेडी के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का इस्तीफा

पटना। आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि पार्टी ने अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। चर्चा है कि वैशाली से पूर्व सांसद रामा किशोर सिंह के आरजेडी में शामिल किये जाने से वे नाराज हैं। कोरोना से संक्रमित होने के कारण वे एम्स, पटना में भर्ती हैं।

2014 लोकसभा चुनाव में वैशाली संसदीय क्षेत्र से लोजपा प्रत्याशी रामा किशोर सिंह ने आरजेडी उम्मीदवार रघुवंश प्रसाद सिंह को शिकस्त दी थी। पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह 1996 से 2014 तक वैशाली से सांसद रहे हैं।  

इससे पहले आरजेडी के पांच एमएलसी भी पार्टी छोड़ जदयू में शामिल हो गये।  विधान परिषद में आरजेडी के आठ सदस्य थे । पार्टी छोड़ने वालों में राजद के रणविजय सिंह, दिलीप राय, संजय प्रसाद, राधा चरण सेठ एवं कमरे आलम हैं। विधान परिषद ने सभी सदस्यों को मान्यता दे दी है। 

इधर, बिहार विधान परिषद की रिक्त नौ सीटों के लिए सभी पार्टी उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया में जुटी है। मतदान छह जुलाई को है। अशोक चौधरी, कृष्ण कुमार सिंह, प्रशांत कुमार शाही, संजय प्रकाश, सतीश कुमार, राधा मोहन शर्मा, सोनेलाल मेहता, हारूण राशिद एवं हीरा प्रसाद विंद का कार्यकाल छह मई को समाप्त हो गया है। 
 


संबंधित खबरें