नई दिल्ली। कोविड-19 उपचार के लिए पतंजलि आयुर्वेद की दवा दिव्य कोरोनिल टैबलेट के प्रचार को बंद करने का निर्देश केंद्र सरकार ने दिया है। पतंजलि आयुर्वेद अपनी दवा को कोविड-19 के उपचार में कारगर होने का दावा कर रही है।
आयुष मंत्रालय का कहना है कि कंपनी के वैज्ञानिक अध्ययन और विवरण की जानकारी हमें नहीं है। पतंजलि आयुर्वेद से दवा में प्रयुक्त सामान एवं उन स्थानों की सूची मांगी गई है, जहां इसके लिए शोध कराया गया। उत्तराखंड सरकार से दवा लाइसेंस की काॅपी और आयुर्वेदिक दवाओं की उत्पाद स्वीकृति का विवरण उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
साथ ही प्रोटोकॉल, नमूना आकार, संस्थागत आचार समिति की मंजूरी, सीटीआरआई पंजीकरण और शोध के नतीजों की विवरणी भी मांगी गई है। मंत्रालय ने इस मसले की विधिवत जांच पूरी होने तक ऐसे दावों के विज्ञापन एवं प्रचार को बंद करने के लिए कहा है।