मुख्य समाचार

एमएलसी चुनाव : आरजेडी प्रत्याशियों ने किया नामांकन

पटना। विधान परिषद चुनाव के लिये आरजेडी प्रत्याशी प्रो.रामबली चंद्रवंशी, बिस्कोमान अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह एवं व्यवसायी फारूख शेख ने बुधवार को नामांकन किया। विधानसभा सचिव सह निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष  में नामांकन के मौके पर तेजस्वी यादव एवं भोला यादव भी उपस्थित थे। 

विधान परिषद की नौ सीटों के लिए चुनाव छह जुलाई को है। विधान सभा में सदस्यों की संख्या के आधार पर आरजेडी को तीन, जदयू को तीन, भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली है। 

जदयू ने जहां भीष्म साहनी, प्रो. गुलाम गौस एवं कुमुद वर्मा को, वहीं भाजपा ने संजय प्रकाश मयूख एवं सम्राट चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। तारिक अनवर कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे । सभी उम्मीदवार 25 जून को नामांकन करेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि भी 25 जून है। 

बिहार विधान परिषद में सदस्यों की संख्या 75 है। इनमें विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से 27 सदस्य, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से छह, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से छह, स्थानीय प्राधिकार से 24  एवं 12 मनोनीत सदस्य हैं ।


संबंधित खबरें