मुख्य समाचार

एमएलसी चुनाव : कांग्रेस से समीर सिंह व एनडीए प्रत्याशियों ने किया नामांकन

पटना। विधान परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस एवं एनडीए प्रत्याशियों ने गुरुवार को नामांकन किया। 25 जून (गुरुवार) नामांकन का अंतिम दिन था। एनडीए प्रत्याशियों में जदयू से भीष्म साहनी, गुलाम गौस एवं कुमुद वर्मा और भाजपा से संजय प्रकाश मयूख एवं सम्राट चौधरी ने नामांकन किया। 

कांग्रेस की ओर से समीर सिंह ने नामांकन दर्ज किया। समीर सिंह से पहले पार्टी ने तारिक अनवर को प्रत्याशी बनाया था। बिहार के वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण तारिक अनवर का नाम वापस लेना पड़ा। उनका नाम दिल्ली के वोटर लिस्ट में है। विधानसभा या परिषद की सदस्यता के लिए संबंधित राज्य के वोटर लिस्ट में नाम होना अनिवार्य है।    

सभी प्रत्याशियों ने विधानसभा सचिव सह निर्वाची पदाधिकारी बटेश्वर नाथ पांडेय के कक्ष में नामांकन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, डाॅ प्रेम कुमार, नंद किशोर यादव, मंगल पांडेय, सांसद ललन सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा एवं प्रेमचंद्र मिश्रा  मौजूद थे।

इससे पहले आरजेडी प्रत्याशी प्रो. रामबली चंद्रवंशी, बिस्कोमान अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह एवं व्यवसायी फारूख शेख ने 24 जून (बुधवार) को नामांकन किया था। विधान परिषद की नौ सीटों के लिए सभी प्रत्याशियों की जीत तय है। परिषद की रिक्त सीट के आधार पर ही पार्टियों ने प्रत्याशी उतारे हैं।  


संबंधित खबरें