पटना/नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कोरोना से संक्रमित लोगों से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने ट्वीट कर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के भी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने आईजीआईएमएस के निदेशक, भागलपुर डीएम, सामाजिक संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में बिहार में बड़ी संख्या में लोग कोरोना की चपेट में आये हैं। कोरोना को लेकर हमेशा सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं बरतें।
दो गज की दूरी, नियमित रूप से मास्क और हाथों की निरंतर सफाई कोरोना के विरुद्ध जंग में महत्वपूर्ण हथियार हैं। उन्होंने आईएमए बिहार इकाई के अध्यक्ष से बात की। साथ ही एसोसिएशन, चिकित्सक, चिकित्सा एवं सफाईकर्मियों की भूमिका की सराहना की।