मुख्य समाचार

जीएसटी क्षतिपूर्ति के लिए बिहार को मिली 5307 करोड़ राशि  

पटना। बिहार को जीएसटी क्षतिपूर्ति के लिए वर्ष 2019-20 की आखिरी किस्त 425.06 करोड़ मिल गयी। इस तरह केंद्र से 2019-20 के लिए बिहार को कुल क्षतिपूर्ति राशि 5307.14 करोड़ प्राप्त हुई। साथ ही वर्ष 2020-21 में केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी के रूप में अब तक बिहार को 17,708.34 करोड़ राशि मिल चुकी है। इसमें जुलाई माह की किस्त 4,222.01 करोड़ समाहित है। 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि एक जुलाई, 2017 को जीएसटी लागू होने के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को प्रतिवर्ष 14 प्रतिशत कर वृद्धि के लिए आश्वस्त किया था। 14 फीसदी से कम कर संग्रह की स्थिति में क्षतिपूर्ति का प्रावधान किया गया था। 

2019-20 में बिहार का जीएसटी के तहत कुल संग्रह 16,008.46 करोड़ रहा जबकि केंद्र ने 21,315.60 करोड़ की गारंटी दी थी। ऐसे में 2019-20 के कर संग्रह में अंतर रहे 5,307.14 करोड़ की प्रतिपूर्ति आखिरी किस्त के भुगतान के साथ केंद्र सरकार ने कर दी है।

कोरोना संक्रमण और लाॅकडाउन की वजह से राज्यों के साथ केंद्र का राजस्व संग्रह भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में राज्यों को वर्ष 2020-21 की क्षतिपूर्ति की राशि के भुगतान पर प्रस्तावित जीएसटी काउंसिल की बैठक में विचार किया जायेगा। अभी तक किसी भी राज्य को इस साल की क्षतिपूर्ति नहीं दी गई है। 
 


संबंधित खबरें