पटना। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेवारी प्रत्यय अमृत को दी गई है। वर्तमान प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत को इस पद से हटा दिया गया है। प्रत्यय अमृत के पास आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी के सीएमडी पद से उन्हें मुक्त कर दिया गया है। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस को पावर होल्डिंग कंपनी का अतिरिक्त प्रभार मिला है। उदय सिंह कुमावत राज्य योजना पर्षद के परामर्शी बनाये गये हैं।
कुमावत से पहले स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार का तबादला 20 मई को पर्यटन विभाग में किया गया था। राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले, टेस्टिंग की धीमी रफ्तार एवं अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर सरकार चिंतित है। 25 जुलाई को कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा था कि प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत हमारी बात नहीं सुनते हैं। इस बात पर मुख्यमंत्री काफी नाराज हुए। उन्होंने उसी वक्त प्रधान सचिव से कहा कि यदि आपसे नहीं संभलता है, तो विभाग छोड़ दीजिए।