पटना। लाॅकडाउन के कारण ट्रांसपोर्टरों को हुए आर्थिक नुकसान को देखते हुए बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स ने लाॅकडाउन अवधि का रोड टैक्स माफ करने का आग्रह राज्य सरकार से किया है ।
चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि करीब 4.5 माह से बस एवं ट्रकों का परिचालन ठप है। बावजूद ट्रांसपोर्ट मालिकों को रोड टैक्स का समय पर पूरा भुगतान करना होता है। यह उनके लिए एक अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। इसके समाधान के लिए बिहार मोटर व्हेकिल्स टैक्सेसन रूल्स 1994 के क्रम संख्या 13 में प्रावधान है। वर्तमान परिस्थिति में राज्य सरकार से आग्रह है कि इस तरह का छूट स्वत: देने पर विचार किया जाना चाहिए ।
इस सुविधा के लिए फॉर्म जे भरकर यदि ट्रांसपोर्टर आवेदन करता है, तो उक्त अवधि के लिए उसकी गाड़ियों पर रोड टैक्स की छूट दी जा सकती है। चैंबर ने इस संबंध में परिवहन मंत्री, मुख्य सचिव, परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त को पत्र लिखा है।