मुख्य समाचार

सुशांत सिंह केस की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा

पटना। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा बिहार सरकार ने कर दी है। सुशांत के पिता के.के.सिंह की सहमति के बाद सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय का कहना है कि सीबीआई की जांच का दायरा बड़ा होता है। जांच में थोड़ा समय अधिक लगेगा, लेकिन परिणाम बेहतर आयेगा। 

पिता के.के.सिंह की पटना में एफआईआर के बाद बिहार पुलिस ने 28 जुलाई से केस की जांच शुरू कर दी थी। पटना पुलिस की स्पेशल टीम मुंबई भेजी गई, लेकिन जांच में मुंबई पुलिस का सहयोग नहीं मिला। विशेष पड़ताल के लिए पुलिस मुख्यालय ने दो अगस्त को पटना के सिटी एसपी को मुंबई भेजा। बिहार पुलिस की यह कोशिश भी महाराष्ट्र पुलिस को पसंद नहीं आयी। बीएमसी के अधिकारियों ने आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारेंटाइन का हवाला देकर नजरबंद कर दिया। 

3 अगस्त को मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बिहार के डीजीपी एवं गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने अपने समकक्ष महाराष्ट्र के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।  

अभिनेता सुशांत ने 14 जून को मुंबई स्थित अपने आवास पर आत्महत्या की थी। 40 दिन बाद भी मुंबई पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।          
 


संबंधित खबरें