पटना । डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य हो रहा है। इस कारण 2019-20 में वाणिज्य कर विभाग को सीमेंट से सर्वाधिक 1476.03 करोड़ का राजस्व मिला। आयरन एंड स्टील से 861.90 करोड़ एवं बिजली के सामान की बिक्री से 689.77 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस अवधि में बिहार में 14,741.29 करोड़ रुपये के आयरन एंड स्टील की बिक्री हुई। 9935.79 करोड़ के बिजली सामान, 6025.29 करोड़ के सीमेंट एवं 13.60 हजार करोड़ के वाहनों की बिक्री हुई।
डिप्टी सीएम राज्य सरकार के विभिन्न शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2019-20 के पहले चार महीने में 4.68 लाख हजार वाहनों का निबंधन हुआ था। लाॅकडाउन की वजह से 2020-21 की इसी अवधि में मात्र 1.72 लाख वाहनों का निबंधन हुआ। इसका असर राजस्व संग्रह पर भी पड़ा है।
पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने अपने बजट से पुल-पुलिया, सड़क, भवन, ऊर्जा एवं सिंचाई संरचनाओं पर 1,54,594 करोड़ राशि खर्च की है। भवन निर्माण विभाग ने निर्माण कार्यों पर 15,293 करोड़ रुपये खर्च किया है।