पटना। 74वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि से संबंधित उद्योग एवं लकड़ी आधारित उद्योगों को कैपिटल सब्सिडी देने के लिए अलग से योजना लायी जायेगी। यह योजना औद्योगिक प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत है। लकड़ी मिल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नया एक्ट बन रहा है।
ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री बिहारवासियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में किये गये कार्यों को बताया। साथ ही कई घोषणाएं की।
-- कोविड 19 से मुक्त हुए व्यक्तियों के रक्त प्लाज्मा दान करने पर प्रति दानकर्ता को राज्य सरकार पांच हजार रुपये पुरस्कार देगी।
-- 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों के लिए 250 से अधिक पदों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकलेगा।
-- स्कूलों में 33,916 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। पंचायती राज संस्थान एवं नगर निकाय के शिक्षकों की सेवा शर्तों को बेहतर बनाने के लिए शीघ्र नई सेवा शर्त लागू होगी। सामाजिक सुरक्षा के लिए इन्हें कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ मिलेगा। हर पंचायत में उच्च माध्यमिक स्कूल की स्थापना होगी।
-- काॅलेजों में चार हजार सहायक प्राध्यापक पदों पर नियुक्ति के लिए बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग को एक माह के अंदर अधियाचना भेजी जायेगी। सहायक प्राध्यापक की बहाली के इच्छुक लोगों की 2009 से 2012 के बीच पीएचडी की अमान्यता और एम.फिल संबंधी ऐतराज की भावनाओं का आदर करते हुए नियुक्ति के आधार में आवश्यक परिवर्तन किया जायेगा।
-- बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से सभी निबंधित निर्माण कर्मियों को विशेष अनुदान के रुप में 2,000 रुपये दिये जायेंगे।
-- स्वास्थ्य विभाग में विशेष अभियान चला कर अगस्त माह में पांच हजार नर्स एवं चार हजार से अधिक चिकित्सकों की नियुक्ति की जायेगी। सितंबर माह में 1750 से अधिक लैब टेक्निशियन, फार्मासिस्ट एवं सैनेटरी इंस्पेक्टर की नियुक्ति होगी। कुछ वर्षों में 3,350 सहायक प्राध्यापक के पदों के विरुद्ध 2,775 पदों पर नियुक्ति की गई है। शेष पदों पर बिहार लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर शीघ्र रिक्तियां भरी जायेंगी।