पटना। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सुशांत के परिवार वालों ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि संस्थाओं में लोगों का विश्वास बना रहना चाहिए। आज के घटनाक्रम से प्रजातंत्र में हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है। देश की सबसे विश्वसनीय एजेंसी ने काम संभाल लिया है। हमें पूरा भरोसा है कि दोषियों को उनके अपराध की सजा मिलेगी।
बिहार के मुख्यमंत्री का विशेष तौर पर धन्यवाद करते हैं। उन्होंने बाधित न्याय प्रक्रिया को गति दी। सभी शुभचिंतक, मीडिया एवं सुशांत के करोड़ों फैन्स का ह्रदय से आभार। हमारे साथ मजबूती से खड़े होने के लिए हम आपके कृतज्ञ हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस की कार्रवाई एवं सीबीआई जांच सौंपने के निर्णय को विधि सम्मत एवं उचित ठहराया है। कुछ लोग इसे राजनीतिक रूप देना चाह रहे थे जबकि राज्य सरकार का मानना था कि इसका संबंध न्याय से है। मुझे भरोसा है कि सीबीआई मामले की शीघ्र जांच करेगी।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार सरकार की अपील के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट का फैसला बिहार के बेटे को न्याय दिलाने के संघर्ष की पहली जीत है। इससे यह साबित हुआ कि राज्य की पुलिस संविधान के दायरे में रहकर सही दिशा में काम कर रही थी।