मुख्य समाचार

पांच महीने में पहली बार राजस्व संग्रह 11.70 फीसदी बढ़ा 

पटना। चालू वर्ष 2020-21 में पांच महीने के बाद पहली बार अगस्त में राज्य के अपने राजस्व संग्रह में 11.70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि राजस्व संग्रह इस साल के लक्ष्य 39,989 करोड़ से काफी दूर है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि कोरोना संक्रमण और महीनों के लाॅकडाउन के बावजूद कम से कम पिछले साल जितना कर संग्रह हो सके।

डिप्टी सीएम ने बताया कि 2019-20 की तुलना में वर्ष 2020-21 में अगस्त तक के पांच माह में सभी महत्वपूर्ण विभागों के कर संग्रह में 23.69 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वाणिज्य कर में 31.99 प्रतिशत, निबंधन में 50.18 और परिवहन में 35.75 प्रतिशत कम संग्रह हुआ है। विपरित परिस्थितियों के बावजूद केवल खनन में 77.93 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 

अप्रैल, 2020 में जब पूरी तरह लाॅकडाउन था, तो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में राजस्व संग्रह में 81.61 प्रतिशत तथा मई में 42.14 प्रतिशत की कमी रही। जून में अनलाॅकडाउन शुरू होने और अधिकतर सेवाओं के जारी होने पर यह घाटा 15.12 फीसदी और जुलाई में 8.34 प्रतिशत रहा। 

अगस्त में राजस्व संग्रह की स्थिति में पिछले चार महीने की तुलना में सुधार हुआ है। औसत कर संग्रह में अब भी विगत वर्ष की इसी अवधि की अपेक्षा 23.69 प्रतिशत कमी बरकरार है।
 


संबंधित खबरें