मुख्य समाचार

छठ पूजा के पहले दरभंगा से शुरू हो जायेगी विमान सेवा : हरदीप सिंह पुरी

दरभंगा/देवघर। केंद्रीय विमानन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट से दैनिक विमान सेवा छठ पूजा के पहले यानी नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगी। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए बुकिंग सितंबर माह के अंत तक शुरू हो जायेगी। 

दरभंगा एयरपोर्ट के विकास कार्यों की समीक्षा के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस सेवा के शुरू हो जाने से उत्तर बिहार के लोगों को काफी फायदा होगा। एयरपोर्ट के कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकतर काम लगभग पूरा हो चुका है। 

आगमन और प्रस्थान हॉल, चेक इन की सुविधा और कन्वेयर बेल्ट पहले ही लग चुके हैं। बाकी काम अक्टूबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी उड़ान योजना के तहत स्पाइसजेट को पहले ही इस मार्ग पर संचालन की अनुमति मिल चुकी है।

इस मौके पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी के सांसद अशोक यादव, नागर विमानन मंत्रालय के सचिव प्रदीप सिंह खारोला, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष अरविंद सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

देवघर एयरपोर्ट की स्थिति की समीक्षा के बाद केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट का काम काफी प्रगति पर है और इसे निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस संबंध में अगले सप्ताह तक कुछ महत्वपूर्ण निर्णय भी लेगी। 

देवघर एयरपोर्ट के निर्माण हो जाने से बिहार के भागलपुर, बांका, मुंगेर एवं जमुई जिलों के साथ झारखंड के संथालपरगना क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी। इस मौके पर स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें