नई दिल्ली। बिहार के समाजवादी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन-चार दिन पहले उन्होंने अपनी भावना को चिट्ठी के जरिये जाहिर किया था। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री को विकास के कामों की सूची भेज दी। मैं मुख्यमंत्री नीतीश जी से आग्रह करूंगा कि उहोंने अपनी आखिरी चिट्ठी में जो भावनाएं प्रकट की हैं। उसको पूरा करने के लिए आप और हम मिल कर पूरा प्रयास करें।
ज्ञात हो कि 10 सितंबर को रघुवंश प्रसाद ने एम्स से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर तीन कामों को पूरा करने का आग्रह किया था। इनमें मनरेगा में सभी जाति के किसानों की जमीन पर श्रमिक भुगतान की व्यवस्था करने, गणतंत्र की भूमि वैशाली में 26 जनवरी को झंडोत्तोलन एवं अफगानिस्तान से भगवान बुद्ध का भिक्षा पात्र मंगवाना है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन रविवार को नई दिल्ली के एम्स में हो गया। 74 वर्षीय रघुवंश प्रसाद गत आठ दिनों से एम्स में भर्ती थे। 11 सितंबर को सांस लेने में अधिक तकलीफ के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। इससे पहले जून माह में कोरोना से संक्रमित होने के कारण वे एम्स, पटना में भर्ती थे। वे 1996 से 2014 तक वैशाली से सांसद रहे। 10 सितंबर को उन्होंने आरजेडी की प्राथमिक सदस्यता एवं 23 जून को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।