पटना/नई दिल्ली। बिहार में नगर विकास से जुड़ी सात महत्वपूर्ण परियोजनाओं का प्रधानमंत्री 15 सितंबर को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें चार परियोजनाएं जल आपूर्ति, दो सीवरेज ट्रीटमेंट एवं एक रिवर फ्रंट डेवलपमेंट से संबद्ध है। सभी परियोजनाओं की लागत 541 करोड़ है। परियोजनाओं का क्रियान्वयन नगर विकास एवं आवास विभाग के अधीन बुडको कर रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बेऊर एवं करमलीचक में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन होगा। सीवान नगर परिषद में और छपरा नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण होगा। इससे स्थानीय नागरिकों को पीने का शुद्ध जल मिलेगा ।
मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया जायेगा। योजना पूरी होने से लोगों को शुद्ध जल उपलब्ध होगा। नगर परिषद जमालपुर में भी जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया जाएगा।
नमामि गंगे योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना का शिलान्यास किया जायेगा। इसके अंतर्गत मुजफ्फरपुर शहर के तीन घाट (पूर्वी अखाड़ा घाट, सीढ़ी घाट, चंदवारा घाट) का विकास किया जायेगा। रिवर फ्रंट पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रिवर फ्रंट के निर्माण होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।