पटना/नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि मतदान तीन चरणों में होगा और वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी। मतदान की तिथि 28 अक्टूबर, तीन और सात नवंबर है। इसके साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। इस मौके पर निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा एवं राजीव कुमार भी मौजूद थे।
पहला चरण : 16 जिलों की 71 सीटों के लिए मतदान 28 अक्टूबर को होगा। अधिसूचना एक अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है।
इन जिलों में होगा मतदान : पटना जिला (मोकामा, बाढ़, मसौढ़ी, पालीगंज एवं बिक्रम विधानसभा क्षेत्र), भागलपुर जिला (सुल्तानगंज एवं कहलगांव विधानसभा क्षेत्र), बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा।
दूसरा चरण : 17 जिलों की 94 सीटों के लिए मतदान तीन नवंबर को होगा। अधिसूचना नौ अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर है।
इन जिलों में होगा मतदान : पटना जिला (पटना साहिब, बांकीपुर, कुम्हरार, दानापुर, दीघा, मनेर, फुलवारी, फतुहा एवं बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र), भागलपुर जिला ( भागलपुर, नाथनगर, पीरपैंती, गोपालपुर, बिहपुर विधानसभा क्षेत्र), बिहारशरीफ, पश्चिमी एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, गोपालगंज, सीवान, छपरा, दरभंगा, मधुबनी, बेगूसराय, खगड़िया।
तीसरा चरण : 15 जिलों की 78 सीटों के लिए मतदान सात नवंबर को होगा। अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।
इन जिलों में होगा मतदान : किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा। दूसरे चरण के मतदान के बाद पश्चिमी एवं पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, वैशाली एवं समस्तीपुर जिलों के शेष विधानसभा क्षेत्र ।
वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर तक है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 7.29 करोड़ मतदाता विधानसभा की 243 सीटों के लिए मतदान करेंगे। 243 में 38 सीट एससी और दो सीट एसटी के लिए आरक्षित है।
मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। कोविड संक्रमण को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से राज्य में पोलिंग बूथ की संख्या लगभग 63 प्रतिशत बढ़ायी गई है। इस बार 1,06,526 बूथ होंगे जबकि 2015 में 65,367 बूथ थे।
एक बूथ पर अधिकतम एक हजार मतदाता होंगे। कोविड संक्रमित मतदाता आवश्यक देखरेख में सबसे अंत में मतदान करेंगे। संक्रमण के मद्देनजर सभी मतदाताओं को आयोग की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा।