नई दिल्ली/पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जसवंत सिंह (82 वर्ष) का निधन रविवार की सुबह आर्मी हाॅस्पिटल में हो गया। स्वास्थ्य संबंधित परेशानी की वजह से उन्हें 25 जून, 2020 को हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जसवंत सिंह जी ने पूरी लगन से देश की सेवा की। पहले एक सैनिक के रूप में और बाद में राजनीति के साथ अपने लंबे जुड़ाव के जरिए। अटलजी की सरकार के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण मंत्रालयों को संभाला। वित्त, रक्षा एवं विदेश मामलों की दुनिया में अपने श्रेष्ठ कामकाज की अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन से अत्यंत दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि जसवंत सिंह ने वाजपेयी सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों को संभाला। वित्तमंत्री के रूप में उन्होंने बाजार-हितकारी सुधारों को बढ़ावा दिया। 1960 के दशक में वे भारतीय सेना में अधिकारी भी रहे। 2001 में उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का सम्मान भी मिला था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है।