मुख्य समाचार

बिहार का विकास मारवाड़ी समाज की प्राथमिकता 

पटना। मारवाड़ी समाज के लोग जहां भी रहते हैं, वहां के स्थानीय लोगों की बेहतरी के लिए कार्य करना अपना प्राथमिक कर्तव्य समझते हैं। इसके लिए वे किसी पर निर्भर नहीं रहते हैं। उक्त बातें बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के नये अध्यक्ष महेश जालान ने कहीं। उन्होंने पदभार वर्तमान अध्यक्ष विनोद तोदी से ग्रहण किया। 

जालान ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इस बार मारवाड़ी समाज सक्रिय राजनीति में भागीदारी के लिए हर स्तर पर तैयारी करेगा। समाज एवं राज्य की भलाई के लिए स्वच्छ छवि के लोगों का साथ देगा ताकि बिहार को विकसित राज्यों की पंक्ति में खड़ा किया जा सके।

कार्यक्रम का उद्घाटन कोलकाता से अखिल भारत मारवाड़ी सम्मेलन की कोरोना राहत सेवा कार्य समिति के चेयरमैन सीताराम शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि पूरे देश में मारवाड़ी समाज ने कोरोना त्रासदी के दौरान अभूतपूर्व कार्य किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ ने बताया कि कोरोना पीड़ितों के सेवार्थ फिलहाल कोलकाता में तीन सौ व्यक्तियों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह व्यवस्था आने वाले समय में सभी प्रांतों में लागू की जाएगी। रांची से निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बिहार हमेशा की तरह राज्य में सेवा और विकास को कार्य निरंतर जारी रखेगा। 

समारोह को सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय कुमार किशोरपुरिया ने भी संबोधित किया। मीडिया प्रभारी एम. पी. जैन ने बताया कि नये सत्र के लिए कार्यकारिणी समिति गठन का कार्य  दो अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश से लगभग एक सौ अनुभवी एवं सक्रिय सदस्यों को प्रस्तावित कार्यकारिणी समिति में शामिल किया जाएगा। 

प्रादेशिक सभा की बैठक में अंजनी सुरेका, अरुण रूंगटा, राजीव केजरीवाल, अनूप पारिक, संजीव देवड़ा, गिरधारी लाल सर्राफ एवं सदस्य विभिन्न जिलों से फेसबुक, जूम और यूट्यूब के माध्यम से जुड़े रहे। 
 


संबंधित खबरें