नई दिल्ली/पटना। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्रीजी की जयंती पर राष्ट्र ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम गांधी जयंती के अवसर पर प्यारे बापू को नमन करते हैं। उनके जीवन और अनमोल विचारों से सीखने की कोई सीमा नहीं है। मैं मंगल कामना करता हूं कि बापू के आदर्श सदैव ही एक समृद्ध भारत बनाने में हमारा मार्गदर्शन करते रहें।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शास्त्रीजी अत्यंत विनम्र और दृढ़प्रतिज्ञ थे। वह सादगी के प्रतीक थे। राष्ट्र के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया।