पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया है। 243 सीटों में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) 144, कांग्रेस 70 और लेफ्ट पार्टियां 29 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। लेफ्ट पार्टी में सीपीआई (एमएल) को 19, सीपीआई को 6 और सीपीएम को 4 सीटें मिली हैं। महागठबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।
सीट बंटवारे से नाराज विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने महागठबंधन से अलग होने की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही कर दी। उन्होंने कहा कि मुझसे वादा किया गया था कि 25 सीट और डिप्टी सीएम पद दिया जाएगा, लेकिन इसकी चर्चा नहीं की गई। ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव 2019 में वीआईपी को तीन सीट मिली थी। मुकेश सहनी खगड़िया लोकसभा सीट से उम्मीदवार थे।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आरजेडी कोटे से वीआईपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को सीट मिलेगी। वाल्मीकिनगर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार खड़ा करेगी।
होटल मौर्या में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी सेे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मनोज झा, आलोक मेहता, शिवानंद तिवारी, कांग्रेस से सदानंद सिंह, अविनाश पांडे, वीआईपी के मुकेश सहनी एवं लेफ्ट पार्टी के नेता मौजूद थे।