मुख्य समाचार

जागरूकता रैली में दिव्यांग मतदाताओं का दिखा उत्साह

पटना। मतदाता जागरूकता पर आधारित मोटरसाइकिल रैली को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल परिसर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुमार रवि ने रवाना किया। रैली में दिव्यांग मतदाताओं (पीडब्ल्यूडी) ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 

डीएम ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं को वोट करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस तरह का आयोजन अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने एवं दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।

रैली में शामिल पीडब्ल्यूडी वोटर्स में भारी उत्साह देखा गया। इन्होंने अपने हाथों में तख्तियां लिए लोगों से वोट करने की अपील की। 1445 नये वोटर्स के साथ जिले में 31843 पीडब्ल्यूडी वोटर्स हैं। आयोग ने पीडब्ल्यूडी वोटर्स के लिए मतदान केंद्रों पर कई व्यवस्थाएं की हैं। इनमें रैंप की व्यवस्था, सुगम मित्र, व्हीलचेयर एवं पीडब्ल्यूडी एप्प है। इस मौके पर डीपीओरओ प्रमोद कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग की प्रभारी श्रेया कश्यप एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें