मुख्य समाचार

बिहार चुनाव के प्रदर्शन पर दुनिया की नजर : मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अधिकारियों से कहा है कि बिहार चुनाव के प्रदर्शन पर दुनिया की नजर है। इस चुनाव को कोरोना महामारी के दौरान विश्व के सबसे बड़े चुनाव के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष और कोविड सुरक्षित चुनाव कराने की निर्वाचन आयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। वे बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।  

मुख्य चुनाव आयुक्त ने पर्यवेक्षकों से आह्वान किया कि वे स्थानीय चुनाव प्रशासन के साथ मित्र और मार्गदर्शक की भूमिका में मतदाता का मार्गदर्शन करें। उनकी समस्याओं को सुलझाने में मदद करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत मतदाता पर टिकी हुई है। मतदान केंद्र पर आने के लिए मतदाता को विश्वास दिलाने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए ताकि वे सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से मतदान कर सके। 

निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि बिहार में दो विशेष व्यय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यदि आवश्यकता हुई, तो कुछ और विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जायेगी। उन्होंने बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के लिए कहा। 

निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पर्यवेक्षक चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग का वास्तविक चेहरा हैं। पर्यवेक्षक चुनाव कर्मियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निर्वाचन आयोग के बिहार प्रभारी उप निर्वाचन आयुक्त चंद्र भूषण कुमार ने बिहार चुनाव के लिए विशेष रूप से कोविड परिदृश्य में आदर्श आचार संहिता के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। 
 


संबंधित खबरें