मुख्य समाचार

जदयू 122 और भाजपा 121 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 122 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सात सीट जदयू अपने कोटे से देगी, वहीं विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को भाजपा अपने कोटे की सीट देगी। एनडीए की संयुक्त प्रेस काॅन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई। 

प्रेस काॅन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, डाॅ प्रेम कुमार, अशोक चौधरी, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, ललन सिंह, आरसीपी सिंह एवं वशिष्ठ नारायण सिंह मौजूद थे। 

प्रेस काॅन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि एनडीए बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है। किसी को कितनी भी सीट आए, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। एनडीए ने हर क्षेत्र में काम किया है। पहले 24 हजार करोड़ सालाना बजट था, जिसे दो लाख 11 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया गया है। लाॅकडाउन के दौरान केंद्र और राज्य ने पीड़ितों की पूरी मदद की है। अब निर्णय जनता को करना है। 

उन्होंने कहा कि लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान से बहुत पुराना लगाव है। हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। यदि आज वे स्वस्थ होते, तो मामला अलग होता। किसी के बोलने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। जदयू के सहयोग से ही राम विलास पासवान राज्यसभा पहुंचे हैं। उनकी पार्टी के मात्र दो ही विधायक हैं। 

डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में एनडीए के चार दल भाजपा, जदयू, हम और वीआईपी ही प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करेंगे। बिहार एनडीए में वही रहेगा, जो नीतीश कुमार को नेता मानेगा। राम विलास पासवान स्वस्थ होते, तो ऐसी स्थिति नहीं होती। 
 


संबंधित खबरें