मुख्य समाचार

मुकेश सहनी की वीआईपी को भाजपा कोटे से मिली 11 सीट

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) 11 सीट पर चुनाव लड़ेगी। मुकेश सहनी की वीआईपी को यह सीट भाजपा कोटे से मिली है। एनडीए की सीट बंटवारे में भाजपा को 121 और जदयू को 122 सीट मिली है। जदयू ने अपने कोटे से हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को सात सीट दी है। 

वीआईपी को मिली सीट : मधुबनी, गौरा बोराम, केवटी, सिमरी बख्तियारपुर, ब्रह्मपुर, बोचहां, साहेबगंज, सुगौली, बलरामपुर, अलीनगर एवं बनियापुर। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में वीआईपी को 11 सीट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधान परिषद की एक सीट भी वीआईपी को मिलेगी। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुकेश सहनी के आने से एनडीए और मजबूत हुआ है। इस मौके पर बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडनवीस भी मौजूद थे।

मुकेश सहनी ने कहा कि हम पूरी मजबूती से एनडीए के साथ हैं। वीआईपी 2015 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के साथ थी। मुझे खुशी है कि जहां से मैंने अपना राजनीतिक करियर शुरू किया, आज उसी घर में वापसी हो गई। 

ज्ञात हो कि चार दिन पहले तीन अक्टूबर को सीट बंटवारे से नाराज वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी महागठबंधन से अलग हो गये थे। 2019 लोकसभा चुनाव में वीआईपी को तीन सीट मिली थी। मुकेश सहनी खगड़िया लोकसभा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार थे।  
 


संबंधित खबरें