पटना। भारतीय रिजर्व बैंक की आज जारी मौद्रिक नीति का बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने स्वागत किया है। एसोसिएशन ने कहा है कि रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इसके बावजूद नीति में कुछ प्रावधान ऐसे किये गये हैं, जिससे बाजार में तरलता (लिक्विडिटी) बढ़ेगी।
अध्यक्ष रामलाल खेतान ने मौद्रिक नीति के उस प्रावधान का भी स्वागत किया है जिसमें ग्रहकों को आरटीजीएस की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था दिसंबर 2020 से की जाएगी। यह व्यवस्था निश्चित रूप से ईज ऑफ डूइंग बिजनस को आगे बढ़ाने का एक अच्छा कदम है।
महासचिव आशीष रोहतगी ने कहा कि हाउसिंग लोन के लिए अब केवल लोन टू वैल्यू (एलटीवी) से लिंक करने की व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था से बाजार में हाउसिंग लोन के प्रवाह बढ़ने की संभावना है। इसका लाभ हाउसिंग प्रक्षेत्र को मिलेगा। यह सेक्टर कोविड-19 महामारी के कारण संकट के दौर से गुजर रहा है। हाउसिंग प्रक्षेत्र में गति आने से इससे जुड़े उद्योगों की स्थिति में कुछ सुधार आयेगा। साथ ही श्रमिकों के हालात में भी सुधार होगा।