मुख्य समाचार

दुर्गापूजा 17 अक्टूबर से, प्रशासन ने जारी किया निर्देश 

पटना। दुर्गापूजा 17 अक्टूबर (शनिवार) से 25 अक्टूबर (रविवार) तक है। अष्टमी एवं नवमी एक ही दिन 24 अक्टूबर को है। इस कारण विजयादशमी 25 अक्टूबर को मनायी जाएगी। दुर्गा पूजा पर कोविड-19 संक्रमण को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार ने निर्देश जारी किये हैं। पूजा सिर्फ मंदिर या घर में ही की जा सकती है। पंडाल, तोरण द्वार, मेला, फूड स्टॉल, भोज, प्रसाद वितरण एवं सार्वजनिक समारोह पर रोक है।

राजधानी में दुर्गा पूजा त्योहार के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। अफवाह फैलाने एवं सामाजिक विद्वेष पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्धारित स्थान पर समय पर उपस्थित रहने एवं विधि-व्यवस्था संचालन का निर्देश दिया है। जिला, अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक करने एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन पर भी चर्चा हुई। 
 


संबंधित खबरें