पटना। अग्रवाल समाज के कुल प्रवर्तक महाराज अग्रसेन की जयंती 18 अक्टूबर को बैंक रोड स्थित शक्तिधाम में मनाई जाएगी। अग्रसेन सेवा न्यास के अध्यक्ष पी.के.अग्रवाल एवं बिहार प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष अमर अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी।
पीके अग्रवाल ने बताया कि कोविड महामारी के कारण इस वर्ष जयंती पर कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं होगा। समाज के लोग इस वर्ष घर पर ही पूजा कर जयंती मनाएंगे। महाराज अग्रसेन की जयंती पर प्रतिवर्ष होने वाले समाज रत्न, समाज गौरव, छात्र-छात्राओं का प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम इस वर्ष स्थगित रहेगा।
अमर अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शक्तिधाम में स्थापित महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर सिर्फ माल्यार्पण किया जाएगा। इसमें भी मास्क पहनना एवं सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य होगा। बिहार अग्रवाल महिला सम्मेलन की अध्यक्ष डॉ गीता जैन ने बताया कि अग्रवाल समाज के सहयोग से छात्र-छात्रा एवं महिलाओं के बीच होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताएं इस वर्ष ऑनलाइन होंगी। ऑनलाइन फैंसी ड्रेस, पेंटिंग एवं डांडिया प्रतियोगिता होगी।
पीके अग्रवाल ने बताया कि महाराज अग्रसेन अग्रवाल समाज के प्रवर्तक हैं। उन्होंने जब गद्दी संभाली, तो प्रजा की भलाई के लिए समाजवादी सिद्धांत अपनाकर कार्य करना शुरू किया। उन्होंने यह निश्चित किया कि उनके राज्य में बाहर से आकर बसनेवाले लोगों को राज्य का प्रत्येक व्यक्ति एक रुपया और एक ईंट देगा। इससे व्यक्ति ईंट से अपना घर बना लेगा तथा रुपये से व्यापार शुरू कर सकेगा।